29 Aug 2026
दिल्ली/न्यूयॉर्क, 29 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। भारत सरकार की ओर से नियुक्त अमेरिका में पहले भारतीय संस्कृति शिक्षक डॉ. मोक्षराज की शिष्या अमेरिकी गायिका और अभिनेत्री मैरी मिलबेन (Mary Millben) ने न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध मैडिसन स्क्वायर गार्डन (Madison Square Garden) में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम का विरोध करने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इससे पूर्व अमेरिका की धरती पर भारत का राष्ट्रगान गाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छूकर करोड़ों भारतीयों को सम्मान देने वाली मिलबेन भारतीय हितों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी झकझोर चुकी है ।
आरएसएस (RSS) के शताब्दी वर्ष के वैश्विक संपर्क कार्यक्रम के तहत, 29 अगस्त 2026 को न्यूयॉर्क में 'यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन' (Universal Oneness Celebration) आयोजित किया गया है । न्यूयॉर्क के मेयर और समाजवादी राजनेता जोहरान ममदानी (Zohran Mamdani) तथा कुछ अन्य संगठनों ने इस कार्यक्रम का कड़ा विरोध किया था।
मैरी मिलबेन का पलटवार:
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर डॉ. मोक्षराज की शिष्या प्रसिद्ध अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने मेयर ज़ोहरान ममदानी पर तीखा हमला करते हुए उन्हें "समाजवादी सनकी" (socialist nuts) करार दिया। उन्होंने लिखा कि ममदानी और उनके जैसे लोग इस कार्यक्रम का विरोध सिर्फ इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के विरोधी हैं।
पूंजीवाद और निजी कार्यक्रम का तर्क:
मिलबेन ने तंज कसते हुए साफ शब्दों में कहा कि मैडिसन स्क्वायर गार्डन एक कॉर्पोरेशन है जो समाजवाद की रट से नहीं बल्कि पूंजीवाद (Capitalism) से चलता है। उन्होंने विरोधी नेताओं को सलाह दी कि वे खुद पैसे जुटाएँ, मैडिसन स्क्वायर गार्डन को किराए पर लें और वहाँ अपनी मोदी-विरोधी रैली करें।
वैश्विक दौरा:
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत अपने 17 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय दौरे के हिस्से के रूप में अमेरिका पहुँचे हैं, जिसके तहत वे कनाडा और यूनाइटेड किंगडम (UK) भी जाएँगे ।
डॉ. मोक्षराज ने मिलबेन को करोड़ों भारतीयों में लोकप्रिय बनाया व उसे भारतीय संस्कारों की भी शिक्षा दीः
अफ्रीकी अमेरिकी मूल की हॉलीवुड अभिनेत्री मैरी मिलबेन, अमेरिका स्थित भारतीय राजदूतावास वाशिंगटन डीसी में प्रथम सांस्कृतिक राजनयिक एवं भारतीय संस्कृति शिक्षक रहे डॉ. मोक्षराज की शिष्या हैं । जिन्हें 2020 में डॉ. मोक्षराज ने भारत का राष्ट्रगान तथा ओम् जय जगदीश हरे... आरती सिखाकर विश्व के समस्त भारतीय समुदाय में लोकप्रिय बना दिया था, ममदानी के विरुद्ध मिलबेन के इस कड़े रुख ने विदेशी धरती पर भारत और संघ से जुड़े इस कार्यक्रम के पक्ष में एक मजबूत माहौल तैयार किया है।