29 Aug 2026
नई दिल्ली, 29 अगस्त (एजेंसी)। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली जल बोर्ड एसटीपी घोटाले के आरोपित और दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय और नागेंद्र यादव को दो दिनों की एसीबी हिरासत में भेज दिया है।
इस मामले के आरोपित और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन ने जमानत याचिका दायर कर रखी है जिस पर कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। सत्येंद्र जैन की ओर से पेश वकील ने कहा कि जैन की गिरफ्तारी केस दर्ज होने के 27 महीने बाद की गई, उन्हें सिर्फ एक बार पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
एंटी-करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने सत्येंद्र जैन के अलावा जिन आरोपितों को गिरफ्तार किया था, उनमें उदित प्रकाश राय, दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व कॉन्ट्रैक्टुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव, मेसर्स एएन एंटरप्राइजेज के मालिक नागेंद्र यादव, मेसर्स यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजा कुमार कुर्रा और मेसर्स सृजनहार के मालिक पंकज वर्मा शामिल हैं।
इन आरोपितों को एसीबी की उस एफआईआर के मामले में गिरफ्तार किया गया, जो 11 मई 2024 को भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धाराओं 7, 7A, 9, 13 और भारतीय दंड संहिता की धाराओं 42, 409, 418, 120-बी के तहत दर्ज की गई थी।
एसीबी का आरोप है कि टेंडर की शर्तें एक खास कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई थीं। सत्येंद्र जैन अक्टूबर 2024 में तिहाड़ जेल से मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जेल से बाहर आए थे। वे मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में 872 दिन जेल में रहे थे। ईडी ने उन्हें 30 मई 2022 को गिरफ्तार किया था। 18 अक्टूबर 2024 को उन्हें ट्रायल कोर्ट ने जमानत दी थी।