31 Aug 2026
जलपाईगुड़ी, 31 अगस्त (एजेंसी)। जिले के लाटागुड़ी स्थित एक रिसॉर्ट में देह व्यापार का भांडाफोड़ करते हुए पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। रविवार रात जिले के सरस्वती वन बस्ती के पास स्थित एक रिसॉर्ट में पुलिस ने छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, मौके से सिलीगुड़ी की तीन महिलाओं, असम के पांच युवकों और रिसॉर्ट के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। गुप्त सूचना के आधार पर मालबाजार महकमा पुलिस अधिकारी सुदीप्त सरकार, माल थाना के आईसी और क्रांति फाड़ी के ओसी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस का दावा है कि छापेमारी के दौरान तीन महिलाओं और पांच युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया, जिसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। रिसॉर्ट के एक कर्मचारी को भी इस मामले में हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, इस कथित रैकेट में हरियाणा और लाटागुड़ी का एक स्थानीय युवक भी शामिल था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वह फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार महिलाओं को सरकारी संरक्षण गृह भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।