31 Aug 2026
नई दिल्ली, 31 अगस्त (एजेंसी)। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली जल बोर्ड एसटीपी घोटाले में आरोपित दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय तथा नागेंद्र यादव को 3 सितंबर तक की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों आरोपितों की आज एसीबी हिरासत खत्म हो रही थी, जिसके बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया।
कोर्ट ने दोनों को 29 अगस्त को आज तक की एसीबी हिरासत में भेजा था। एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के अलावा उदित प्रकाश राय, दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व कॉन्ट्रैक्टुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव, मेसर्स एएन एंटरप्राइजेज के मालिक नागेंद्र यादव, मेसर्स यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजा कुमार कुर्रा और मेसर्स सृजनहार के मालिक पंकज वर्मा को गिरफ्तार किया था। इन्हें एसीबी की उस एफआईआर के मामले में गिरफ्तार किया गया है, जो 11 मई, 2024 को भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धाराओं 7, 7A, 9, 13 और भारतीय दंड संहिता की धाराओं 42, 409, 418, 120-बी के तहत दर्ज की गई थी।
एसीबी का आरोप है कि टेंडर की शर्तें एक खास कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई थीं। सत्येंद्र जैन को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में 30 मई, 2022 को गिरफ्तार किया था। 18 अक्टूबर, 2024 को उन्हें ट्रायल कोर्ट ने जमानत दी थी। वे मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में 872 दिन जेल में रहने के बाद तिहाड़ जेल से बाहर आए थे।