31 Aug 2026
नई दिल्ली, 31 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली सरकार ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने वाले मौजूदा पेपर-बेस्ड 'पिंक टिकट' सिस्टम को 17 सितंबर, 2026 तक जारी रखने का निर्णय लिया है। सरकार का कहना है कि यह फैसला 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' व्यवस्था में सुचारु बदलाव सुनिश्चित करने तथा त्योहारी सीजन के दौरान महिला यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि 17 सितंबर तक महिला यात्री पहले की तरह पिंक टिकट के माध्यम से मुफ्त बस यात्रा का लाभ ले सकेंगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' आधारित व्यवस्था लागू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी, तीज और गणेश चतुर्थी जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान महिलाओं और परिवारों की यात्रा बढ़ जाती है। ऐसे में पिंक टिकट व्यवस्था को कुछ समय और जारी रखने से पात्र महिला यात्रियों को बिना किसी व्यवधान के मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती रहेगी।
परिवहन मंत्री के अनुसार, 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' योजना को महिलाओं का अच्छा प्रतिसाद मिला है। अब तक लगभग 19 लाख महिलाओं ने इस कार्ड के लिए पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य नई व्यवस्था को बिना किसी जल्दबाजी के प्रभावी ढंग से लागू करना है।
डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया कि 17 सितंबर के बाद भी स्मार्ट कार्ड के लिए पंजीकरण और कार्ड जारी करने की प्रक्रिया जारी रहेगी। जिन महिलाओं ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे बस डिपो और बस टर्मिनल पर निर्धारित केंद्रों से आवेदन कर कार्ड बनवा सकेंगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक आधुनिक, सुविधाजनक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में काम कर रही है। विशेष रूप से इलेक्ट्रिक बसों को लेकर महिला यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार महिलाओं को सुरक्षित, सुलभ और बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी पात्र महिला यात्रियों से जल्द से जल्द 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' के लिए पंजीकरण कराने की अपील भी की।