01 Sep 2026
साल 2005 में रिलीज हुई फिल्म 'आशिक बनाया आपने' ने तनुश्री दत्ता और इमरान हाशमी की जोड़ी को रातोंरात चर्चा में ला दिया था। फिल्म में दोनों की बोल्ड और रोमांटिक केमिस्ट्री दर्शकों के बीच खूब पसंद की गई, जबकि फिल्म का टाइटल ट्रैक भी सुपरहिट रहा। पर्दे पर दोनों के बीच नजर आई नजदीकियों को देखकर अक्सर उनके रिश्ते को लेकर भी कयास लगाए जाते रहे, लेकिन तनुश्री ने सालों बाद इन चर्चाओं पर विराम लगाते हुए बताया कि इमरान के साथ उनका कभी कोई अफेयर नहीं रहा। उन्होंने कहा कि कैमरे के सामने रोमांटिक नजर आने वाली उनकी जोड़ी असल जिंदगी में बिल्कुल अलग थी और दोनों का रिश्ता भाई-बहन जैसा था।
एक इंटरव्यू में तनुश्री ने फिल्मों में किसिंग और बोल्ड सीन्स की शूटिंग के अनुभव को भी शेयर किया था। उन्होंने बताया कि पर्दे पर भले ही ऐसे सीन बेहद रोमांटिक दिखाई देते हैं, लेकिन शूटिंग के दौरान कलाकारों के लिए यह सिर्फ काम का हिस्सा होते हैं। कैमरा एंगल, लाइटिंग, शॉट और डायरेक्टर के निर्देशों पर ध्यान देते हुए सीन को परफेक्ट तरीके से फिल्माना ही प्राथमिकता होती है। तनुश्री के मुताबिक, सेट पर इतने सारे क्रू मेंबर्स और कैमरों के बीच ऐसे सीन्स में किसी तरह के निजी रोमांस या आनंद की गुंजाइश नहीं होती। उनके और इमरान के बीच भी सेट पर एक दोस्ताना रिश्ता ही था।
तनुश्री दत्ता ने 2005 में 'चॉकलेट' और 'आशिक बनाया आपने' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह 'भागम भाग', 'ढोल', 'स्पीड, 'रिस्क' और 'अपार्टमेंट' जैसी फिल्मों में नजर आईं। इमरान हाशमी और तनुश्री ने 'गुड बॉय बैड बॉय' में भी साथ काम किया था। हालांकि, साल 2010 के बाद तनुश्री ने फिल्मों से दूरी बना ली। बाद में नाना पाटेकर से जुड़े विवाद और मीटू आंदोलन के दौरान वह एक बार फिर सुर्खियों में आईं।