03 Sep 2026
-क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण 323 कच्चे मकान ढहे
हमीरपुर, 03 सितम्बर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गुरुवार को इचौली गांव की नई बस्ती के करीब 50 घरों में पानी घुस गया। कपसा नहर और इचौली रेलवे अंडरपास में गंभीर जलभराव से यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जहां एक रोडवेज बस भी पानी में फंस गई। क्षेत्र में बारिश का कहर इस कदर जारी है कि पिछले दो दिनों में 123 कच्चे मकान गिर गए, जिससे तहसील में ढहे मकानों की कुल संख्या 323 तक पहुंच गई है।
इचौली में निर्माणाधीन वेयरहाउस की पुलिया से जल निकासी न होने के कारण स्थिति बिगड़ी। बस्ती में पानी भरता देख आक्रोशित महिलाएं खुद फावड़ा लेकर पुलिया काटने निकल पड़ीं। ग्राम प्रधान गंगादीन वर्मा द्वारा एसडीएम करनवीर सिंह को सूचित किए जाने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस व राजस्व प्रशासन ने जेसीबी मंगवाकर पुलिया कटवाई, तब जाकर पानी निकला और ग्रामीणों ने राहत महसूस की। दूसरी ओर, अंडरपास में फंसी रोडवेज बस के यात्रियों को एक किलोमीटर पानी में पैदल चलकर इचौली बस स्टॉप पहुंचना पड़ा। वहीं लारौंद, पढ़ोरी और शिवनी में रपटों के ऊपर से पानी बहने के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर आने-जाने को मजबूर हैं। एसडीएम करनवीर सिंह ने गुरुवार को शाम बताया कि प्रभावित इलाकों में राजस्व टीमों को क्षति के आकलन हेतु सर्वे में लगाया गया है। रिपोर्ट मिलते ही सभी पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा राशि वितरित की जाएगी।