04 Sep 2026
पूर्णिया, 04 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। जिले के रुपौली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिनेश ऋषि के पुत्र सुमित कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि सुमित अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। घर से कुछ ही दूरी पर जेसीबी से खोदे गए एक बड़े गड्ढे में बाढ़ का पानी भरा हुआ था। इसी दौरान सुमित का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए रुपौली रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
रुपौली रेफरल अस्पताल में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।