04 Sep 2026
कोलकाता, 4 सितंबर (एजेंसी)। बांग्ला फिल्म जगत के दिग्गज अभिनेता महानायक उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी के अवसर पर गुरुवार को कोलकाता में आयोजित विशेष ‘श्रद्धांजलि वॉक’ में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नेतृत्व किया। रवींद्र सदन से शुरू हुई इस यात्रा में बंगाली फिल्म जगत के वरिष्ठ और युवा कलाकारों, तकनीशियनों तथा फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सभी ने महानायक की अमर विरासत और बंगाली सिनेमा में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महानायक उत्तम कुमार के जीवन और फिल्मी सफर पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। बाद में एकतारा मुक्त मंच पर जन्म शताब्दी समारोह आयोजित हुआ, जहां केक काटकर और खीर परोसकर महानायक को याद किया गया।
जन्म शताब्दी के मौके पर कोलकाता में आयोजित कार्यक्रमों के तहत फिल्म प्रदर्शन, प्रदर्शनी और उत्तम कुमार के जीवन से जुड़े स्थानों की विरासत यात्रा भी आयोजित की जा रही है। राज्य सरकार की ओर से न्यू टाउन में ‘उत्तम कुमार फिल्म सेंटर’ स्थापित करने की पहल भी की गई है। इसके अलावा महानायक की स्मृति में बड़े सांस्कृतिक परिसर के निर्माण की योजना भी सामने आई है।
कार्यक्रम में बंगाली फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। महानायक की जन्म शताब्दी के अवसर पर कलाकारों और फिल्मकर्मियों की भागीदारी ने इस आयोजन को विशेष बना दिया। उत्तम कुमार की फिल्मों और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।