05 Sep 2026
नई दिल्ली, 5 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को सरोजिनी नगर स्थित नवयुग स्कूल में आयोजित समारोह में 13 उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रतिष्ठित 'एनडीएमसी शिक्षक पुरस्कार-2026' से सम्मानित किया। इनमें अटल आदर्श विद्यालयों के आठ और नवयुग स्कूलों के पांच शिक्षक शामिल हैं। सभी पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति पत्र, शील्ड, शॉल तथा 15 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने पुरस्कार विजेता शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान केवल उनके योगदान की पहचान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और मनोबल को भी बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक का स्थान सबसे महत्वपूर्ण होता है और उनकी शिक्षा व संस्कार जीवनभर व्यक्ति का मार्गदर्शन करते हैं।
द्विवेदी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाना या पदक हासिल करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, अनुशासन, करुणा, सामाजिक उत्तरदायित्व, दक्षता और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी है। इसलिए औपचारिक शिक्षा के साथ मूल्य आधारित शिक्षा पर भी समान रूप से बल दिया जाना चाहिए।
उन्होंने शिक्षकों से प्रतिदिन कम से कम एक नई बात सीखकर उसे अपनी डायरी में दर्ज करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उनका कहना था कि यदि यह अभ्यास लगातार जारी रखा जाए तो एक वर्ष में 365 नई सीखें व्यक्ति के ज्ञान और व्यक्तित्व को समृद्ध बना देंगी।
एनडीएमसी अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों को अपनी पूरी ऊर्जा बच्चों के भविष्य और चरित्र निर्माण पर केंद्रित करनी चाहिए। प्रशासनिक कार्य प्रशासन की जिम्मेदारी है, जबकि शिक्षकों का सबसे बड़ा दायित्व राष्ट्र के भावी नागरिकों को तैयार करना है। उन्होंने कहा, "आज हम जिन बच्चों को तैयार करेंगे, वही कल के भारत का निर्माण करेंगे।" उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानवान, कुशल, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक तैयार कर शिक्षक प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
द्विवेदी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी प्रगतिशील समाज की आधारशिला होती है और शिक्षक ही शैक्षिक दृष्टि को सार्थक परिणामों में बदलते हैं। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों की नवाचारी सोच, पेशेवर प्रतिबद्धता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान की सराहना की।
इस वर्ष सम्मानित शिक्षकों में अटल आदर्श विद्यालयों के प्राचार्य, पीजीटी, टीजीटी, सहायक शिक्षक और संगीत शिक्षक तथा नवयुग स्कूलों के उप-प्राचार्य एवं विभिन्न विषयों के शिक्षकों को शामिल किया गया। इनमें "एनडीएमसी शिक्षक पुरस्कार 2026" से सम्मानित कुल 13 शिक्षक हैं - विजय पाल - प्राचार्य, अटल आदर्श विद्यालय, मोती बाग, के. के. शर्मा - पीजीटी (वाणिज्य), अटल आदर्श विद्यालय, किदवई नगर, हेमंत कुमार - सहायक शिक्षक, अटल आदर्श प्राथमिक विद्यालय, आर. के. आश्रम मार्ग, सतीश कुमार - संगीत शिक्षक, अटल आदर्श विद्यालय, लोधी रोड, सुश्री चंद्र किरण - सहायक शिक्षिका, अटल आदर्श प्राथमिक विद्यालय, आर. के. आश्रम मार्ग, अरुण कुमार - टीजीटी (कंप्यूटर), अटल आदर्श विद्यालय, किचनर रोड, घन श्याम वर्मा - टीजीटी (गणित), अटल आदर्श विद्यालय, लक्ष्मी बाई नगर, सुश्री मेघना कश्यप - सहायक शिक्षिका, अटल आदर्श बालिका विद्यालय, गोल मार्केट, सुश्री सुनीता दीवान - उप-प्राचार्या, नवयुग स्कूल, मोती बाग, सुश्री भवानी - पीजीटी (भौतिक विज्ञान), नवयुग स्कूल, सरोजिनी नगर, सुश्री स्वाति साहनी - पीजीटी (कंप्यूटर साइंस), नवयुग स्कूल, मोती बाग, सुश्री रेनू कुमारी - टीजीटी (विज्ञान), नवयुग स्कूल, पंडारा पार्क और अंजनी प्रसाद - पीजीटी (ललित कला), नवयुग स्कूल, लोधी रोड, नई दिल्ली।
पुरस्कृत शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, शील्ड, शॉल और 15,000/- रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। "एनडीएमसी शिक्षक पुरस्कार 2026" उन शिक्षकों के योगदान को स्वीकार करने की एक महत्वपूर्ण पहल है जो लगातार शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए प्रयास करते हैं, रचनात्मकता और नवीनता को प्रोत्साहित करते हैं और छात्रों को ज्ञान, मूल्यों और जीवन कौशल की मजबूत नींव प्रदान करते हैं।
समारोह में एनडीएमसी के निदेशक (शिक्षा) राकेश दहिया, मुख्य अभियंता विजय कुमार, अधीक्षण अभियंता विशाल कौशिक, वरिष्ठ अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह में शिक्षण उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और शिक्षकों को नवाचार व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रेरित करने का संकल्प भी दोहराया गया।