07 Sep 2026
वाशिंगटन, 07 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। अमेरिका के मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को अमेजन का मालवाहक (कार्गो) विमान रनवे से बाहर निकल कर खेत में पहुंच गया। विमान ने कई वाहनों को टक्कर मारी और उसमें आग लग गई। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हुई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दो अन्य लोगों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद एयरपोर्ट पर लगभग तीन घंटे तक विमानों की आवाजाही रोक दी गई।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने हादसे के बाद संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मालवाहक विमान दोपहर करीब 2 बजे (स्थानीय समय) रनवे से बाहर निकल गया। यह विमान प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से मियामी पहुंचा था। अधिकारियों ने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि मरने वाले लोग विमान में सवार थे या उन वाहनों में थे, जिन्हें विमान ने टक्कर मारी।
हादसे के बाद आसमान में काला धुआं छा गया। मियामी-डेड रेस्क्यू फायर चीफ रे जदल्लाह ने बताया कि विमान के कॉकपिट में पायलट और को-पायलट फंस गए थे। कुछ लोग कारों के अंदर भी फंसे थे। एक अन्य व्यक्ति वाहन के नीचे दब गया था।
हादसे के बाद मियामी हवाई अड्डे पर लगभग तीन घंटें तक उड़ानें रोक दी गईं। विमान से ईंधन भी लीक हो रहा था। हादसे के कई घंटे बाद तक दमकलकर्मी इस लीकेज को संभालने में जुटे थे। हादसे के बाद प्राइम एयर का यह विमान सड़क के किनारे जाकर रुक गया। वहां दो बड़े ट्रक भी खड़े थे। मौके की तस्वीरों में विमान पेट के बल पड़ा दिखाई दिया। आग लगने के बावजूद विमान का ज्यादातर हिस्सा सुरक्षित रहा।
यह विमान 32 साल पुराना बोइंग 767 है। इसे पहले यात्रियों को ले जाने के लिए बनाया गया था। दो दशक से ज्यादा समय तक यह कई एयरलाइंस के लिए उड़ा। 2015 में इसे कार्गो विमान में बदल दिया गया था। यह उड़ान नॉर्थ कैरोलिना की कार्गो कंपनी 21 एयर ने संचालित की थी।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक रविवार दोपहर बाद हवाई अड्डे पर करीब 250 उड़ानें लेट हुईं। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) ने जांच के लिए अपनी टीम मियामी भेजने की बात कही है। टीम का नेतृत्व इसकी अध्यक्ष जेनिफर होमेंडी करेंगी। अमेजन की प्रवक्ता केली नेंटेल ने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगा। कंपनी ने हादसे में पांच लोगों की मौत पर दुख जताया। अमेजन ने मृतकों के परिवारों, उनके करीबियों और हादसे से प्रभावित सभी लोगों के प्रति संवेदना जताई।