07 Sep 2026
नई दिल्ली/धारूहेड़ा, 07 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। धारूहेड़ा नगर पालिका के नवनिर्वाचित वाइस चेयरमैन अमन राव ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित आवास पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। अमन राव हाल ही में धारूहेड़ा नगर पालिका के वाइस चेयरमैन पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
इस अवसर पर हरियाणा पर्यटन निगम के पूर्व चेयरमैन राव इंद्रपाल सिंह भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि अमन राव, राव इंद्रपाल सिंह के पौत्र हैं। वाइस चेयरमैन बनने के बाद केंद्रीय मंत्री से उनकी यह पहली औपचारिक मुलाकात रही, जिसे क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने अमन राव को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल पद तक सीमित नहीं होता, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करना उसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि अमन राव धारूहेड़ा के विकास और जनसेवा के क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
अमन राव ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जनता और जनप्रतिनिधियों का जो विश्वास मिला है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि धारूहेड़ा के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्रवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को वे अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएंगे।