10 Sep 2026
नगांव (असम), 10 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नगांव जिले के सामागुड़ी के गेरुआआटी में कथित पशु चोर को पकड़ने गई खाटोवाल पुलिस की टीम पर आरोपित के परिवार के सदस्यों ने कथित तौर पर सामूहिक हमला कर दिया। हमले में थाना प्रभारी विष्णु देउरी समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, टीम कथित पशु चोर रसिदुल हक को गिरफ्तार करने के लिए उसके घर पहुंची थी। इसी दौरान उसके परिवार के सदस्यों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। मौके का फायदा उठाकर मुख्य आरोपित रसिदुल फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमले में शामिल कई लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, फरार आरोपित रसिदुल हक की तलाश में पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। मामले की जांच जारी है।