09 Sep 2026
नई दिल्ली, 9 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 के लिए राजधानी नई दिल्ली को हरियाली और फूलों की रंगत से सजाने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने सम्मेलन में आने वाले विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए व्यापक हरित सौंदर्यीकरण अभियान शुरू किया है। इसके तहत 15 हजार से अधिक गमलेदार पौधों से प्रमुख मार्ग, चौराहे, गोलचक्कर और सार्वजनिक स्थल सजाए जा रहे हैं, जबकि ब्रिक्स थीम पर आधारित 15 पुष्प बोर्ड और 9 आकर्षक पुष्प फव्वारे भी स्थापित किए जाएंगे।
एनडीएमसी के अनुसार भारत मंडपम और वीआईपी मार्गों सहित पूरे एनडीएमसी क्षेत्र में बहु-स्तरीय पौधरोपण, लैंडस्केपिंग और उद्यानों के रखरखाव का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। प्रमुख सड़कों के किनारे खाली स्थानों को झाड़ियों, वृक्षों और सजावटी पौधों से विकसित कर एक समान और आकर्षक हरित परिदृश्य तैयार किया जा रहा है। साथ ही हेज, टोपियरी और पौधों की नियमित कटाई-छंटाई तथा वृक्षों की विशेष प्रूनिंग कर मार्गों को अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा रहा है।
एनडीएमसी की नर्सरियों में तैयार किए गए 15 हजार से अधिक गमलेदार पौधों को बाजारों, होटलों, गोलचक्करों, प्रवेश द्वारों, सेंट्रल वर्ज, त्रिकोणीय भूखंडों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर कलात्मक डिजाइनों में सजाया जा रहा है। इन रंग-बिरंगे पुष्पों से राजधानी के प्रमुख हिस्सों को नया और आकर्षक स्वरूप मिलेगा।
ब्रिक्स सम्मेलन की थीम पर आधारित 15 पुष्प बोर्ड तथा 9 स्थानों पर विशेष रूप से डिजाइन किए गए पुष्प फव्वारे उन मार्गों पर लगाए जाएंगे, जिनका उपयोग ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्ष और अन्य गणमान्य अतिथि करेंगे। इन पुष्प सज्जाओं का उद्देश्य राजधानी की सांस्कृतिक गरिमा और भारतीय आतिथ्य की झलक प्रस्तुत करना है।
एनडीएमसी ने चाणक्यपुरी स्थित ब्रिक्स फ्रेंडशिप रोज गार्डन के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया है। लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में फैले इस उद्यान की स्थापना वर्ष 2016 में भारत में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की स्मृति में की गई थी। यहां गुलाब की 107 विभिन्न प्रजातियां हैं। सम्मेलन से पहले उद्यान में घास की कटाई, पौधों की छंटाई, लैंडस्केपिंग और सजावटी पुष्प सज्जा का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इसके साथ ही चाणक्यपुरी डिप्लोमैटिक एन्क्लेव और आसपास के वीआईपी मार्गों को भी विशेष रूप से संवारा जा रहा है।
एनडीएमसी का कहना है कि इन व्यापक बागवानी और सौंदर्यीकरण कार्यों से नई दिल्ली की दृश्य सुंदरता और हरियाली में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान राजधानी विदेशी मेहमानों के सामने एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित, जीवंत और स्वागतपूर्ण शहर के रूप में दिखाई देगी।