10 Sep 2026
नई दिल्ली, 10 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 के आयोजन से पहले राष्ट्रीय राजधानी को विश्वस्तरीय स्वरूप देने की दिशा में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने अपने क्षेत्र में व्यापक प्रकाश एवं सौंदर्यीकरण अभियान पूरा कर लिया है। राजधानी में आने वाले ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्षों, प्रतिनिधिमंडलों और अंतरराष्ट्रीय अतिथियों के स्वागत के लिए 17 प्रमुख गोल चक्करों, 11 होटल परिसरों और 10 महत्वपूर्ण एनडीएमसी भवनों को आकर्षक सजावटी रोशनी से जगमगाया गया है।
एनडीएमसी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल शहर की रात्रिकालीन सुंदरता बढ़ाना नहीं, बल्कि नई दिल्ली को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय राजधानी के रूप में प्रस्तुत करना भी है। प्रकाश व्यवस्था में ऊर्जा दक्षता, सौंदर्यीकरण और एकरूपता का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे सम्मेलन से जुड़े प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों का स्वरूप और अधिक आकर्षक दिखाई देगा।
प्रमुख गोल चक्करों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था
परिषद ने राजधानी के महत्वपूर्ण गोल चक्करों पर पेड़ों, झाड़ियों और लैंडस्केप क्षेत्रों को एलईडी अपलाइटर्स, स्ट्रिंग लाइट्स और अन्य सजावटी प्रकाश व्यवस्था से संवारा है। इनमें पटेल चौक, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस, शांतिपथ-कौटिल्य मार्ग, शांतिपथ-पंचशील मार्ग, शांतिपथ-सत्य मार्ग, आरएमएल, तीन मूर्ति, क्यू-प्वाइंट, क्लैरिजेस होटल, सम्राट होटल, अशोका होटल, गोलमेथी, लोक कल्याण मेट्रो स्टेशन, मानसिंह, यॉर्क प्लेस तथा पीएम राउंडअबाउट प्रमुख हैं।
होटल परिसरों के आसपास भी बढ़ी चमक
ब्रिक्स प्रतिनिधियों के ठहरने वाले प्रमुख होटल परिसरों के आसपास भी व्यापक प्रकाश-सज्जा की गई है। होटल ताज पैलेस, आईटीसी मौर्य, अशोका, सम्राट, द लीला, ताज मानसिंह, क्लैरिजेस, शांगरी-ला, ले मेरिडियन, द इम्पीरियल सहित अन्य चिन्हित होटल परिसरों के आसपास स्थित पेड़ों और मार्गों को एलईडी एवं सजावटी लाइटों से सजाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र को आकर्षक और स्वागतपूर्ण स्वरूप मिला है।
प्रमुख मार्गों पर ब्रिक्स की थीम
एयरपोर्ट तथा चिन्हित होटलों से भारत मंडपम तक जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सड़क प्रकाश खंभों पर ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लोगो वाले एलईडी साइन बोर्ड लगाए गए हैं। इसके साथ ही इन्हीं मार्गों पर ब्रिक्स थीम वाले पोस्टर भी लगाए गए हैं, जिससे पूरे रूट पर एक समान और अंतरराष्ट्रीय आयोजन के अनुरूप दृश्य पहचान विकसित हुई है।
10 प्रमुख भवन भी हुए रोशन
पालिका परिषद के 10 प्रमुख भवनों और सार्वजनिक स्थलों को भी विशेष सजावटी रोशनी से सजाया गया है। इनमें पालिका केंद्र, एनडीसीसी फेज-II, कन्वेंशन सेंटर, चंद्रलोक बिल्डिंग, आशीर्वाद ओल्ड एज होम, चरखा संग्रहालय, सेंट्रल पार्क एवं पालिका बाजार क्षेत्र, अटल आदर्श विद्यालय (मंदिर मार्ग), लोकनायक भवन और चाणक्य भवन शामिल हैं।
सभी स्ट्रीट लाइटों का शत प्रतिशत सत्यापन
एनडीएमसी ने ब्रिक्स सम्मेलन से जुड़े सभी मार्गों पर स्ट्रीट लाइटों का शत-प्रतिशत सत्यापन पूरा कर लिया है। निरीक्षण के दौरान जिन लाइटों में खराबी पाई गई थी, उन्हें बदल दिया गया है, ताकि सम्मेलन के दौरान सभी प्रमुख मार्गों पर निर्बाध और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
350 विद्युत पैनल बॉक्सों को मिला नया स्वरूप
सम्मेलन की तैयारियों के तहत परिषद ने सड़कों के किनारे स्थापित लगभग 350 विद्युत पैनल बॉक्सों को भी नया स्वरूप दिया है। इन पर ब्रिक्स थीम आधारित फ्लेक्स स्टिकर लगाकर ब्रांडिंग की गई है, जिससे राजधानी की प्रमुख सड़कों का समग्र सौंदर्य और दृश्य आकर्षण और अधिक बढ़ गया है।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले एनडीएमसी द्वारा किए गए ये व्यापक सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था के कार्य राजधानी को एक भव्य, आधुनिक और स्वागतपूर्ण स्वरूप प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।