10 Sep 2026
भुवनेश्वर, 10 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मारी से मुलाकात की। अल मारी युएई कैबिनेट के सदस्य और काउंसिल ऑफ इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट्स के अध्यक्ष भी हैं। यह बैठक ओडिशा सरकार के युएई निवेश संपर्क अभियान के तहत हुई।
बैठक में ओडिशा और यूएई के बीच आर्थिक एवं निवेश संबंधों को और मजबूत करने तथा राज्य में निवेश के नए अवसर तलाशने पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री माझी ने ओडिशा के अनुकूल कारोबारी माहौल, मजबूत औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र और विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में उपलब्ध व्यापक निवेश संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने युएई के निवेशकों और कारोबारी समूहों को ओडिशा में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने तथा राज्य के विकास में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित किया।
यह बैठक अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ ओडिशा की सहभागिता बढ़ाने और राज्य को उद्योग एवं कारोबार के लिए एक प्रतिस्पर्धी निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने के राज्य सरकार के प्रयासों का हिस्सा है।