11 Sep 2026
गाजियाबाद 11 सितम्बर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)।गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह एनकाउंटर सिहानी गेट पुलिस टीम द्वारा लोहियानगर के सी ब्लॉक कट (मंगल पांडे मार्ग) के पास चेकिंग के दौरान हुआ। पकड़े गए आरोपियों के नाम शाहरुख (निवासी सरधना, मेरठ), इमरान (निवासी डासना, गाजियाबाद) और सोनू (निवासी मसूरी) हैं। इनमें से शाहरुख और इमरान के पैर में गोली लगी है।
पुलिस ने इनके पास से 3 अवैध तमंचे, कारतूस, एक मोटरसाइकिल और चोरी के सोने के जेवरात बरामद किए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि फैक्ट्री एरिया में कुछ बदमाश किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। जब पुलिस ने इन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।