12 Sep 2026
भुवनेश्वर, 12 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। कोरापुट की कॉफी अब ओडिशा की स्थानीय पहचान और कृषि क्षमता की कहानी को वैश्विक मंच तक पहुंचा रही है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय ब्रिक्स इंडिया समिट 2026 में कोरापुट कॉफी के प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त किया।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वह वैश्विक मंचों पर ओडिशा के अवसरों, सामर्थ्य और संभावनाओं को सामने रख रहे हैं तथा दुनिया को राज्य की क्षमता से परिचित होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
माझी ने कहा, “आज यह देखकर विशेष खुशी हो रही है कि ब्रिक्स इंडिया समिट 2026 में कोरापुट कॉफी ओडिशा की कहानी का एक और पक्ष दुनिया के सामने रख रही है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कोरापुट कॉफी की मौजूदगी और पहचान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परिकल्पित ‘वोकल फार लोकल ’ की भावना को प्रतिबिंबित करती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराकर उन्हें व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
माझी ने कहा कि ओडिशा के लोगों की मेहनत और राज्य की धरती की समृद्धि को ओडिशा की सीमाओं से बाहर पहचान मिलते देखना उनके लिए बेहद गर्व का क्षण है।
उन्होंने कहा, “यही वह ओडिशा है, जिसे मैं दुनिया जानती देखना चाहता हूं—अपनी मिट्टी से जुड़ा हुआ, अपनी पहचान पर गर्व करने वाला और अपनी कहानी दुनिया के साथ साझा करने को लेकर आत्मविश्वास से भरा हुआ।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रिक्स सम्मेलन में कोरापुट कॉफी की भागीदारी ने ओडिशा के स्थानीय उत्पादों की क्षमता को उजागर किया है।