13 Sep 2026
पूर्णिया, 13 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शनिवार को रुपौली प्रखंड के कोयली सिमरा पूरब पंचायत के कौसकीपुर सहित कई बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। सड़क संपर्क बाधित होने के कारण सांसद नाव से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंद परिवारों को नगद आर्थिक सहायता भी दी।
सांसद ने कौसकीपुर में सड़क और बिजली की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर व्यवस्था शीघ्र बहाल करने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर प्रशासन की ओर से शुरू किए गए सामुदायिक किचन दो दिन में ही बंद हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ प्रभावित इलाकों में लोगों को दूषित बाढ़ का पानी पीने और घरों की छतों पर रहने की मजबूरी है।
पप्पू यादव ने बाढ़ राहत, फ्लड फाइटिंग और कटावरोधी कार्यों पर होने वाले खर्च को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने ठेकेदारों, नेताओं और अधिकारियों की कथित मिलीभगत की जांच की मांग करते हुए कहा कि हर वर्ष बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद बाढ़ और कटाव की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इस मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे।
सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाढ़ के समय राजनीतिक दिखावे के बजाय प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। दौरे के दौरान सांसद प्रतिनिधि मो. अफताब आलम, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, पूर्व प्रमुख बिहारी यादव, मुरली मंडल, आलोक अकेला सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।