13 Sep 2026
नवादा, 13 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के सरौनी पंचायत अंतर्गत प्रभानगर गांव के नयकाडीह टोला में रविवार को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान नयकाडीह निवासी 18 वर्षीय सुविता कुमारी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि मृतका के गर्भ में करीब चार माह का बच्चा भी था। जानकारी के अनुसार, सुविता कुमारी की शादी करीब 14 माह पूर्व गोलू कुमार, पिता प्रमोद चौधरी के साथ हुई थी।
बताया जा रहा है कि मृतका का पति बाहर रहकर कमाई का काम करता था। विवाहिता की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार की सुबह 9बजे कौआकोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया है। मृतका के पिता एवं पकरीबरावां प्रखण्ड अंतर्गत धमौल थाना क्षेत्र के रेवार गांव निवासी रामाशीष चौधरी सहित अन्य मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सुविता कुमारी को जहर देकर हत्या की गई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद पुलिस ने मृतका की सास साबो देवी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा उससे पूछताछ किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, विवाहिता की मौत वास्तव में किन परिस्थितियों में हुई और मायके वालों के आरोप में कितनी सच्चाई है, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। परिजनों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।