13 Sep 2026
इटावा, 13 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव इटावा में एक सामाजिक संगठन के वार्षिक सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस बेलगाम हाे गई है। पुलिस दो मुकदमे वालाें पर भी गुंडा एक्ट और गैंगस्टर की कार्यवाही कर गोली मार रही है। पुलिस लोगों के मकानों और प्रॉपर्टी को सील कर रही है और यह सब मुख्यमंत्री के इशारे पर हाे रहा है।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति है। ऐसा आपातकाल तो 1975 में भी नहीं था, जिस दिन इंदिरा जी ने इमरजेंसी हटाई थी लोग उसी दिन जेल से बाहर आ गए थे। सरकार ने लोगों के मुकदमे खत्म कर दिए थे। लेकिन वर्तमान की केंद्र सरकार से सभी डरे हुए हैं। यहां तक कि जज भी डरे हुए है।
ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर सपा नेता ने कहा कि इसका रिजल्ट कुछ खास नहीं आया है। अगर ब्रिक्स देश आपस में मिलकर रूस-यूक्रेन युद्ध काे लेकर रुकवाने में सफल हाेेते हुए अच्छा होता। उनके राष्ट्रपतियों को समझाने का काम करते तो ठीक था। युद्ध में लोग मर रहे है। इसका प्रभाव पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि अगर सब कुछ ठीक रहता है तो यूपी में समाजवादी पार्टी के मुकाबले बीजेपी कही भी ठहर ही नहीं सकती है।