13 Sep 2026
गाजियाबाद, 13 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। माया नारायण मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से रविवार को भोपुरा कुटी स्थित स्थानीय पार्षद ओमपाल सिंह भाटी के कार्यालय पर मुफ्त नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 410 लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई। इनमें बुजुर्गों के साथ बच्चे, युवा और महिलाएं भी शामिल रहे।
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. वैशाली, डॉ. मदन लाल और शार्प विजन फाउंडेशन के डॉ. फिरोज मलिक ने कंप्यूटर के माध्यम से लोगों की आंखों की जांच की। जरूरतमंद लोगों को शिविर में मुफ्त चश्मे भी वितरित किए गए।
पार्षद ओमपाल सिंह भाटी ने बताया कि शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। उन्होंने कहा कि आंखों से संबंधित समस्याओं की समय रहते पहचान के लिए नियमित जांच जरूरी है।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मदन लाल ने बताया कि जांच के दौरान बुजुर्गों में मोतियाबिंद की शिकायत अधिक देखने को मिली, जबकि युवा वर्ग में दूर की दृष्टि से संबंधित समस्याएं सामने आईं। उन्होंने लोगों को समय-समय पर आंखों की जांच कराने की सलाह दी।
डॉ. फिरोज मलिक ने कहा कि आंखों को स्वस्थ रखने के लिए नियमित जांच के साथ अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन और टीवी देखने से बचना चाहिए।
ट्रस्ट के प्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि नारायण हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर, डिफेंस कॉलोनी, भोपुरा के सौजन्य से आयुष्मान कार्डधारियों के लिए मोतियाबिंद के ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।