13 Sep 2026
धारूहेड़ा, 13 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और शासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत राष्ट्रीय स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने रविवार को धारूहेड़ा कस्बे के सामुदायिक भवन में आयोजित मंडल स्तरीय कार्यशाला में दी। कार्यशाला की अध्यक्षता विधायक ने की।
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में छात्र, युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि और आम नागरिकों को विभिन्न कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान मार्च 2027 तक चलेगा। अभियान में विकास कार्यों, स्वच्छता और सरकारी सेवाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत प्रदेश के घरों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक रूप से दीप जलाए जाएंगे। वहीं, 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें ‘विकसित भारत संकल्प’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
कार्यशाला में अभियान के उद्देश्यों, कार्यक्रमों और आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की गई। विधायक ने कार्यकर्ताओं से अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष मास्टर हुक्म चंद यादव, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामपाल यादव, इंदरपाल मुकदम, खेम चंद सैनी, अजित कोसलिया, राहुल सेन, अतर सिंह पांचाल, नगर पालिका उपप्रधान अमन राव, अधिवक्ता नरवीर खोला, मल खान सरपंच, डीके शर्मा पार्षद, अशोक कोसलिया, राहुल जोशी, राजकुमार सैनी और संदीप बोहरा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।