15 Sep 2026
नई दिल्ली, 15 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (एनयूजेआई) की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में कार्यभार संभाला। इस अवसर पर पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा, वेतन-भत्तों और पत्रकारिता की साख से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।
नई कार्यकारिणी में राकेश थपलियाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष, राकेश कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय महासचिव और रामचंद्र कन्नोजिया ने कोषाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने पत्रकारों की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता और पत्रकारों के सामने गंभीर चुनौतियां हैं। पत्रकारों की सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें उचित वेतन और सुविधाएं उपलब्ध कराना भी महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी पूरी जिम्मेदारी के साथ पत्रकार हितों की रक्षा के लिए काम करेगी।
नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने कहा कि एनयूजेआई देशभर के पत्रकारों के अधिकारों और हितों के लिए पुरजोर आवाज उठाएगा। उन्होंने पत्रकारिता की साख बनाए रखने के लिए फर्जी पत्रकारों के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ संगठन प्रभावी कदम उठाएगा।
राष्ट्रीय महासचिव राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन सरकार के समक्ष अपनी मांगें और मुद्दे पूरी मजबूती से रखेगा। उन्होंने बताया कि आगामी 28 नवंबर से जयपुर में एनयूजेआई का तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन में पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
कोषाध्यक्ष रामचंद्र कन्नोजिया ने संगठन के कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आर्थिक मजबूती को आवश्यक बताया। उन्होंने सभी राज्यों के पदाधिकारियों और सदस्यों से संगठन को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में देश के विभिन्न राज्यों से आए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों का माला पहनाकर तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया। समारोह में एनयूजेआई की सभी राज्यों की इकाइयों के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।