17 Sep 2026
नई दिल्ली, 17 सितंबर (एजेंसी)। ऑस्ट्रेलियाई मिशनरी ग्राहम स्टेंस और उनके दो नाबालिग बेटों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दारा सिंह की सजा माफी की याचिका ओडिशा स्टेट सेंटेंस रिव्यू बोर्ड ने खारिज कर दी है। आज ओडिशा सरकार की ओर से उच्चतम न्यायालय को इस बात की सूचना दी गई। ओडिशा सरकार की इस सूचना के बाद जस्टिस मनोज मिश्रा ने सुनवाई टालते हुए दारा सिंह को अपनी याचिका में नये सिरे से सुधार कर दाखिल करने को कहा।
गुरूवार काे सुनवाई के दौरान ओडिशा सरकार के वकील ने कहा कि 31 अगस्त को ओडिशा स्टेट सेंटेंस रिव्यू बोर्ड ने दारा सिंह की सजा माफी याचिका खारिज करने का फैसला किया है। इसके पहले की सुनवाई के दौरान उच्चतम न्यायालय ने ओडिशा सरकार को निर्देश दिया था कि दारा सिंह की सजा माफी याचिका पर फैसला लें।
दारा सिंह की ओर से कहा गया है कि कि दारा सिंह 24 साल से ज्यादा समय से जेल में है। अपनी याचिका में दारा सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के हत्यारों की रिहाई का हवाला दिया है। याचिका में दारा सिंह ने कहा है कि वो दो दशक पहले किए अपराध को कबूल करता है और उस पर खेद है। दारा सिंह ने कहा है कि ग्राहम स्टेंस से उसकी कोई निजी दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में उसकी सजा माफी पर विचार हो।