17 Sep 2026
नई दिल्ली, 17 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। केन्द्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने गुरुवार को फिनलैंड की जलवायु एवं पर्यावरण मंत्री सारी मुल्ताला से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद भूपेन्द्र यादव ने एक्स पोस्ट में कहा कि भारत और फिनलैंड ने सर्कुलर इकोनॉमी, जलवायु कार्रवाई, जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। नई दिल्ली में फिनलैंड की जलवायु एवं पर्यावरण मंत्री सारी मुल्ताला के साथ द्विपक्षीय बैठक में इन मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में हाल ही में संपन्न वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम के प्रमुख निष्कर्षों पर चर्चा की गई। साथ ही सर्कुलर इकोनॉमी के क्षेत्र में भारत-फिनलैंड साझेदारी को आगे बढ़ाने के तरीकों पर विचार किया गया।
उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने आगामी यूएनएफसीसीसी -कॉप 31 और सीबीडी कॉप 16 से जुड़े मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। इसके अलावा, प्लास्टिक प्रदूषण पर इंटरगवर्नमेंटल नेगोशिएटिंग कमेटी के तहत आपसी हित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में दोनों देशों ने जलवायु कार्रवाई, संसाधनों के चक्रीय उपयोग, जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास के लिए आपसी सहयोग को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई।