18 Sep 2026
बिजनौर,18 सितम्बर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में थाना नहटौर के मोहल्ला नोंधा में बीती अर्धरात्रि आबादी के बीच गुलदार दिखाई देने से हड़कंप मच गया। करीब 2:30 बजे गुलदार को गलियों में चहलकदमी करते देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। मामले की जानकारी पर वन विभाग ने लाेगाें काे सावधान करते हुए गुलदार काे पकड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बीती रात के सन्नाटे में गुलदार आबादी वाले इलाके में पहुंचा और इधर-उधर घूमते हुए शिकार की तलाश करता दिखाई दिया। गुलदार की जानकारी मिलते ही नाेंधा मोहल्ले में रहने वाले लाेगाें में दहशत फैल गई। भय के चलते लोग अपने घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। शुक्रवार सुबह लोगों में गुलदार की मौजूदगी को लेकर डर बना रहा। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिजन चिंतित हैं।
स्थानीय लोगों ने गुलदार के आबादी क्षेत्र में हाेने की सूचना वन विभाग और प्रशासन को दी है। मोहल्लेवासियों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आबादी में गुलदार की मौजूदगी से किसी भी समय बड़ी अनहोनी हो सकती है।
वन विभाग के रेंजर राकेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में पिंजरा लगाने की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने लाेगाें से सावधानी बरतने की अपील की है।