19 Sep 2026
जलपाईगुड़ी, 19 सितंबर (एजेंसी)। जलपाईगुड़ी में नगर बोर्ड के गठन से ठीक पहले राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। शुक्रवार देर रात ममता बनर्जी समर्थक कई पार्षदों के घरों पर हथियारबंद बदमाशों द्वारा हमला और धमकी देने का आरोप लगा है। घटना के बाद शनिवार को होने वाली बोर्ड गठन की बैठक को लेकर भी अनिश्चितता पैदा हो गई है।
बताया गया कि बोर्ड गठन को लेकर शनिवार को जलपाईगुड़ी नगरपालिका में बैठक प्रस्तावित थी। इसी से पहले शुक्रवार देर रात शहर के कई वार्डों में पार्षदों के घरों पर हमले और धमकी की शिकायत सामने आई।
चेयरमैन पद के लिए नामित 15 नंबर वार्ड के पार्षद तपन बंद्योपाध्याय के घर पर रात करीब तीन बजे हमला किए जाने का आरोप है। उनकी पत्नी संगीता बंद्योपाध्याय ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की।
तपन बंद्योपाध्याय ने दावा किया कि बोर्ड गठन को रोकने के उद्देश्य से यह हमला किया गया है।
इसके अलावा 18, 19 और 21 नंबर वार्ड समेत कई अन्य इलाकों में ममता समर्थक पार्षदों के घर जाकर धमकी देने और सीसीटीवी कैमरों में तोड़फोड़ करने के आरोप भी सामने आए है। घटनाओं के बाद शहर में भय और तनाव का माहौल है।
इसी बीच, महकमा प्रशासन की ओर से नगरपालिका को पत्र भेजकर मौजूदा स्थिति को ‘विचाराधीन’ बताते हुए बोर्ड गठन की शनिवार की बैठक स्थगित रखने का अनुरोध किया गया है।
फिलहाल, हमले और धमकी के आरोपों की जांच को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। बोर्ड गठन को लेकर जलपाईगुड़ी की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है।