19 Sep 2026
शहडोल, 19 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिल के सोहागपुर थाना क्षेत्र में रोहनिया टोल प्लाजा के पास शनिवार सुबह एक बुलेट और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पलट गई। इस हादसे में बुलेट सवार घायल हो गया। कार चालक गाड़ी के अंदर फंस गया था, जिसे आसपास के लोगों ने बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि बुलेट सवार गोहपारू से शहडोल की तरफ आ रहा था। वहीं, सामने से शहडोल से गोहपारू जा रही कार रोहनिया टोल प्लाजा के पास पहुंची। दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और उनकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार सड़क पर पलट गई और बुलेट सवार गिरकर घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी में फंस गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसकी मदद की और उसे बाहर निकाला। बुलेट सवार को भी लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए भीड़ जमा हो गई थी।
सोहागपुर पुलिस को सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को सड़क से हटवाकर ट्रैफिक को सामान्य किया। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक घायलों की हालत के बारे में पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।