19 Sep 2026
नई दिल्ली, 19 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। साकेत कोर्ट परिसर में महिला वकीलों को नशे में धुत पुरुष वकीलों द्वारा प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। महिला वकील वकीलों के संगठन ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (एआईएलयू) की दिल्ली राज्य की कोषाध्यक्ष हैं। ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन ने इस घटना की आलोचना करते हुए आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन ने शनिवार को एक बयान में कहा कि 15 सितंबर को साकेत कोर्ट के चैंबर ब्लॉक स्थित दो महिला वकील और एक पुरुष वकील अपने दो मुवक्किलों के साथ अपने चैंबर में उनके केस की ड्राफ्टिंग के लिए बैठे थे। उनमें से एक महिला वकील ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन की दिल्ली की कोषाध्यक्ष हैं। रात करीब साढ़े 9 बजे जब वे खाना खा रहे थे तब वकील के यूनिफॉर्म पहने तीन पुरुष वकील शराब के नशे में धुत उनके चैंबर में घुस गए। तीनों पुरुष वकीलों ने महिला वकीलों से कहा कि आप इतनी देर रात तक यहां क्या कर रही हैं। तीनों पुरुष वकीलों ने महिला वकीलों को चैंबर से जाने को कहा। तब महिला वकीलों ने कहा कि आप कौन होते हैं हमें रोकने वाले। उसके बाद तीनों वकील उनके चैंबर के केस फाइल और दस्तावेज देखने लगे। महिला वकील के मुताबिक पुरुष वकीलों ने महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक बातें बोलीं। उन पुरुष वकीलों ने महिला वकील के साथ हाथापाई भी की।
ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन और महिला वकील ने इस घटना की शिकायत साकेत कोर्ट बार एसोसिएशन से की है। साथ ही इसकी शिकायत साकेत थाने में भी दर्ज कराई है। ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन ने अपने बयान में कहा कि ऐसी घटनाएं उन वकीलों और मुवक्किलों के आत्मविश्वास को करने का काम करती हैं जो मुश्किल वक्त में भी अपना काम कर रहे होते हैं।
ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन ने साकेत बार एसोसिएशन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि वे इस घटना की तुरंत और निष्पक्ष जांच शुरू करें और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन ने कोर्ट परिसर में बने चैंबरों में काम करने वाली महिला वकीलों, खासकर देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके अलावा वकीलों के चैंबरों और कोर्ट परिसर में उत्पीड़न, डराने-धमकाने और हिंसा को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।