19 Sep 2026
नई दिल्ली, 19 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली के संगम विहार में शुक्रवार शाम सब्जी बनाने को लेकर हुए मामूली घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। फिलहाल, आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार शाम 7:30 बजे अचानक गोली चलने जैसी तेज आवाज आई, जिसके तुरंत बाद बच्चों के रोने-चीखने की आवाजें आने लगीं। अनहोनी की आशंका में पड़ोसी दौड़कर मौके पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला गया, जिससे लोगों का शक गहरा गया। उन्होंने बताया कि काफी प्रयास के बाद जब कमलेश ने दरवाजा खोला, तब उसने बाहर आकर दावा किया कि उसकी पत्नी (पूनम-31 वर्षीय) ने खुद को गोली मार ली है। यह कहते हुए वह मौके से चुपचाप निकलकर भागने की कोशिश करने लगा। आरोपित की घबराहट और संदिग्ध बयानों पर पड़ोसियों को संदेह हुआ, जिसके बाद लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया। महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कमलेश भवन निर्माण का काम करता है। वह करीब छह महीने पहले ही पत्नी पूनम और अपने तीन बच्चों के साथ यहां रहने आया था।
साउथ दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि इस मामले से संबंधित सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। क्राइम और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपित से अवैध हथियार को लेकर और इस घटना पर पूछताछ की जा रही है। आरोपित के उस दावे की भी तकनीकी जांच की जा रही है जिसमें उसने पत्नी के खुदकुशी करने की बात कही थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।