19 Sep 2026
मुर्शिदाबाद, 19 सितंबर (एजेंसी)। रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव से पहले पुलिस ने हुमायूं कबीर की पार्टी ‘आमजनता उन्नयन पार्टी’ के प्रदेश सचिव और 2026 विधानसभा चुनाव में बहरमपुर सीट से पार्टी प्रत्याशी रहे आशिक इकबाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके साथ दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो .303 बोर की पिस्तौल, चार राउंड गोलियां और 500 रुपये मूल्य के 108 भारतीय जाली नोट बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात गुप्त सूचना के आधार पर हरिहरपाड़ा थाने की पुलिस ने भाकुड़ी-आमतला राज्य सड़क पर नाका जांच शुरू की थी। इसी दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में रखे एक बैग से कथित तौर पर दो .303 बोर की पिस्तौल, चार राउंड गोलियां और 500 रुपये के 108 जाली नोट बरामद हुए।
पुलिस ने मामले में वाहन सवार बाबलू शेख और सुखबर मोल्ला उर्फ आशिक इकबाल को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वाहन में उनके साथ माइनुल शेख और हाबिबुर रहमान उर्फ बच्चू नाम के दो अन्य लोग भी मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक, वाहन को सड़क पर रोके जाने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 179/180 तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1)(ए), 29 और 35 के तहत मामला दर्ज किया है। शनिवार को दोनों आरोपियों को बहरमपुर अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने सात दिनों की हिरासत की मांग की।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हरिहरपाड़ा थाना क्षेत्र के रुकुनपुर इलाके के केबलरामपुर निवासी आशिक इकबाल को हुमायूं कबीर के करीबी समर्थक के रूप में जाना जाता है। बताया जा रहा है कि रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए पार्टी की ओर से उन्हें विशेष जिम्मेदारी दी गई थी।
आमजनता उन्नयन पार्टी के रेजीनगर उपचुनाव प्रत्याशी और हुमायूं कबीर के पुत्र गोलाम नबी आजाद रॉबिन ने पार्टी के राज्य सचिव की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, “मैंने सुना है कि कल रात पुलिस ने हमारी पार्टी के राज्य सचिव को गिरफ्तार किया है। लेकिन अभी तक हमें पता नहीं है कि किस कारण से यह गिरफ्तारी हुई है।”
गौरतलब है कि इससे पहले रविवार रात बेलडांगा थाना क्षेत्र के कपासडांगा ग्राम पंचायत के प्रधान से कथित रूप से वसूली करने के आरोप में आमजनता उन्नयन पार्टी के बेलडांगा-1 ब्लॉक अध्यक्ष मोनायेम विश्वास को गिरफ्तार किया गया था। अब पार्टी के राज्य सचिव की गिरफ्तारी से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
हुमायूं कबीर के बेटे गोलाम नबी आजाद रॉबिन ने पुलिस कार्रवाई को लेकर अपने पिता के हालिया धरने का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया, “पुलिस आतंक के विरोध में हाल ही में मेरे पिता शक्तिपुर थाने के सामने धरने पर बैठे थे। उस दिन रात करीब 12 बजे प्रसादपुर निवासी अकबर शेख ने मेरे पिता को चाय पिलाई थी। इसी ‘अपराध’ में पुलिस ने कल उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई।”
रॉबिन ने आरोप लगाया कि रेजीनगर विधानसभा के विभिन्न इलाकों में उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस की कथित कार्रवाई अब भी जारी है। उन्होंने कहा कि तमाम प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद उनकी पार्टी चुनावी मैदान से पीछे नहीं हटेगी।