20 Sep 2026
मुंबई, 20 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मुंबई के कोस्टल रोड पर लाला कालेज के सामने लोटस जेट्टी के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीएमडब्ल्यू कार सुबह मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। जैसे ही कार लोटस जेट्टी के पास पहुंची तेज रफ्तार होने के कारण अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार से चार लोगों को निकालकर नायर अस्पताल में पहुंचाया। डॉक्टरों ने इनमें से तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया , जबकि एक शख्स का इलाज नायर अस्पताल में जारी है। मृतकों की पहचान शनय गज्जल और धीर्या सेठ के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, 20 वर्षीय एक युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।