20 Sep 2026
फरीदाबाद, 20 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। एन.एच.-3 में पिटबुल कुत्ते ने सातवीं कक्षा के छात्र पर हमला कर दिया। पिटबुल ने बच्चे के हाथ-पैर समेत शरीर पर 16 जगह काट लिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए बीके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर किया था। लेकिन अब बच्चे का इलाज घर पर चल रहा है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एन.एच.-3 नंबर के ब्लॉक-बी निवासी जितेंद्र ने बताया कि वह बीके चौक पर बिरयानी की रेहड़ी लगाता है। शनिवार शाम उनका सातवीं कक्षा में पढऩे वाला बेटा ग्रन्थ साइकिल लेकर गली में गया था। घर से कुछ दूरी पर वह एक मकान के सामने अपने दोस्त के साथ खड़ा होकर बात कर रहा था। इसी दौरान मकान मालिक ओम का पिटबुल कुत्ता घर से बाहर निकला और ग्रन्थ पर हमला कर दिया।
जितेंद्र का आरोप है कि कुत्ता लगातार उनके बेटे को काटता रहा। इस दौरान कुत्ते के मालिक ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया। बच्चे के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ जुटने के बाद कुत्ते को बच्चे से अलग किया गया। हमले में उसके हाथ-पैर समेत शरीर पर 16 जगह काटने के निशान आए हैं। जितेंद्र ने बताया कि हमले के बाद वह घायल बेटे को तुरंत बीके अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद वह बच्चे को निजी अस्पताल लेकर गए। फिलहाल बच्चे का घर पर ही इलाज कराया जा रहा है। जितेंद्र ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत एनआईटी-3 नंबर चौकी में दी है। चौकी इंचार्ज मनोज के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।