20 Sep 2026
नई दिल्ली, 20 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को जापान के नागोया स्थित मेइजो पार्क में 'संडेज ऑन साइकिल' के 91वें संस्करण का नेतृत्व किया। उन्होंने भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों को एशियाई खेल-2026 में भाग लेने वाले भारतीय दल को समर्थन और प्रोत्साहन देने के लिए एकजुट किया।
खेल मंत्रालय के अनुसार यह पहल सरकार के उन प्रयासों को दर्शाती है, जिनके तहत खेलों की सार्वभौमिक भाषा के माध्यम से प्रवासी भारतीयों के साथ लोगों के आपसी संपर्क को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही फिट इंडिया मूवमेंट के तहत फिटनेस और स्वस्थ जीवन शैली के संदेश को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।
खेल मंत्री मांडविया ने कार्यक्रम के प्रतिभागियों से बातचीत की और एशियाई खेलों में भारत का समर्थन करने के लिए एक साथ आने के उनके उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि जापान के नागोया में एशियाई खेलों का शुभारंभ हो चुका है और भारत से 500 से अधिक एथलीटों का दल इन खेलों में भाग ले रहा है।
मांडविया ने कहा कि नागोया में रहने वाले भारतीय प्रवासी समुदाय ने यहां आयोजित 'संडेज ऑन साइकिल' कार्यक्रम में भाग लेकर हमारे खिलाड़ियों का समर्थन और हौसला बढ़ाने में उत्साह दिखाया है। हमारा दल अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और हमारे प्रवासी समुदाय उनका मनोबल बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री मांडविया एशियाई खेल-2026 के लिए जापान के नागोया में हैं, जहां वे भारतीय खिलाड़ियों, अधिकारियों और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत कर रहे हैं। ---------------