20 Sep 2026
नई दिल्ली, 20 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद् (NDMC) के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पालिका आवास, सरोजिनी नगर में लगातार 42वें रविवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने पौधारोपण कर स्थानीय लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्थानीय निवासी, RWA पदाधिकारी, महिलाएं तथा NDMC के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेते हुए स्थानीय लोगों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए। इस दौरान चहल ने कहा कि 42 लगातार रविवार तक अभियान का जारी रहना लोगों की बढ़ती भागीदारी और पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पौधा लगाना केवल पहला कदम है, उसे बड़ा और स्वस्थ पेड़ बनाना वास्तविक जिम्मेदारी है। प्रत्येक पौधे को समय पर पानी, खाद और सुरक्षा की आवश्यकता होती है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास लगाए गए पौधों की देखभाल को भी अपनी जिम्मेदारी मानने की अपील की। उन्होंने कहा, “पौधा लगाएं, उसकी रक्षा करें और उसे पेड़ बनाएं”—यही इस अभियान का मूल संदेश होना चाहिए।
चहल ने कहा कि मां के नाम पर लगाया गया पौधा भावनाओं के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। आज लगाया गया पौधा आने वाले वर्षों में छाया, स्वच्छ हवा और हरियाली देने वाला पेड़ बन सकता है। उन्होंने कहा कि आज लगाए और संभाले गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित विरासत हैं।
पौधारोपण के साथ सुनीं स्थानीय समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों और RWA पदाधिकारियों ने सीपेज, सड़क मरम्मत, पानी से जुड़ी समस्याओं, ग्रीन एरिया की सफाई और सैनिटेशन सहित विभिन्न स्थानीय समस्याएं चहल के सामने रखीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर समस्याओं की जांच करने और निर्धारित समयसीमा में उनके समाधान के निर्देश दिए।
चहल ने कहा कि लोगों के घर और मोहल्ले तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना तथा उनका समाधान करना संवेदनशील प्रशासन की पहचान है। जनता से सीधे संवाद के माध्यम से जमीनी समस्याओं को समझने और उनके त्वरित समाधान में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अब केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि लोगों को प्रकृति से जोड़ने वाला निरंतर अभियान बन रहा है। NDMC का उद्देश्य केवल अधिक से अधिक पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित कर उन्हें स्वस्थ पेड़ों में बदलना भी है।
कार्यक्रम में RWA अध्यक्ष आनंद सिंह, उपाध्यक्ष नरेश कुमार, कोषाध्यक्ष आर.के. यादव, सलाहकार महेश शर्मा, महिला प्रतिनिधि कविता रानी सहित आर.के. पटेल, मुकेश, सुरेश कुमार, राजिंदर कुमार, अरुण कुमार, दीवान सिंह, मदन सिंह और विक्रम सिंह मौजूद रहे। NDMC के सिविल, इलेक्ट्रिकल, स्वास्थ्य और उद्यान विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।