21 Sep 2026
नई दिल्ली, 21 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली उच्च न्यायालय में नियुक्त सात जजों ने आज शपथ ली। चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय ने इन जजों को शपथ दिलाई। इन नए सात जजों के साथ उच्च न्यायालय के जजों की कुल संख्या 50 हो गई है।
शपथ लेने वाले जजों में निवेदिता अनिल शर्मा, निशा सहाय सक्सेना, संजय शर्मा, भरत पराशर, अदिति चौधरी, दिनेश भट्ट और अरुण भारद्वाज शामिल हैं। जजों की 50 की संख्या इसी महीने तक बरकरार रहेगी। उसके बाद इस साल के अंत तक चार जज रिटायर होंगे।
दिल्ली उच्च न्यायालय के इतिहास में ऐसा पहली बार है जब जजों की संख्या 50 हुई है। 2014 में दिल्ली उच्च न्यायालय में जजों की कुल स्वीकृत संख्या 60 की गई थी। 2022 में जजों की अधिकतम संख्या 47 थी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 18 सितंबर को जारी अधिसूचना में इन जजों की नियुक्ति का आदेश दिया था। निवेदिता अनिल शर्मा और निशा सहाय सक्सेना को उच्च न्यायालय में स्थायी जज नियुक्त किया गया है। संजय शर्मा, भरत पराशर , अदिति चौधरी, दिनेश भट्ट और अरुण भारद्वाज एडिशनल जज नियुक्त किए गए हैं।