21 Sep 2026
दमिश्क (सीरिया), 21 सितंबर (एजेंसी)। उत्तरी सीरिया के अलेप्पो के दक्षिणी ग्रामीण इलाके में अल-ईस में सोमवार तड़के जबरदस्त धमाके हुए हैं। पहला धमाका अल-ईस के पास एक सैन्य ठिकाने पर हुआ। उसके बाद भी इलाके में धमाके होते रहे। बताया जा रहा है कि यह धमाके सीरिया के रक्षा मंत्रालय के गोला-बारूद डिपो में किए गए हैं। सीरिया अरब न्यूज एजेंसी (सना), सीरिया के सरकारी टेलीविजन अल-इखबारिया' और अनादोलु एजेंसी की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार, अलेप्पो सिविल डिफेंस ऑपरेशंस प्रमुख फैसल मोहम्मद अली ने कहा कि शृंखलाबद्ध धमाकों की वजह से आपात और बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में मुश्किल का सामना करना पड़ा। धमाके सीरिया के रक्षा मंत्रालय के गोला-बारूद डिपो में हुए। धमाकों की असल वजह की अभी जांच चल रही है।
सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि यह धमाके अल-इकार्डा के पास मौजूद गोला-बारूद डिपो में हुए हैं। विवरण जुटाया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के हवाले से कहा गया कि इन धमाकों से इलाके में मौजूद मिसाइल स्टोर करने की छह जगहों पर असर पड़ा।