21 Sep 2026
- बाजार की मजबूती के बावजूद निवेशकों को लगी 6 हजार करोड़ की चपत
नई दिल्ली, 21 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। ग्लोबल बॉन्ड यील्ड में नरमी आने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट की वजह से घरेलू शेयर बाजार आज पॉजिटिव मोड में काम करता हुआ नजर आया। आज के कारोबार की मिली-जुली शुरुआत हुई थी। सेंसेक्स मजबूती के साथ हरे निशान में खुला, जबकि निफ्टी ने गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार की शुरुआत की।
बाजार खुलने के बाद शुरुआती एक घंटे के कारोबार में उतार चढ़ाव होता रहा, लेकिन इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक शानदार मजबूती हासिल करने में सफल रहे। हालांकि आखिरी घंटे के कारोबार में हुई मुनाफा वसूली की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक ऊपरी स्तर से थोड़ा फिसल गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.76 प्रतिशत और निफ्टी 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 240.22 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,535.18 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलने के बाद पहले आधे घंटे तक खरीदारी का जोर बना रहा। इसके बाद अगले आधे घंटे तक बिकवालों ने बाजार पर कब्जा कर लिया, जिसकी वजह से यह सूचकांक फिसल कर 74,454.18 अंक तक आ गया। पहले घंटे का कारोबार होने के बाद खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की चाल में तेजी आ गई।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर दो बजे के करीब यह सूचकांक 692.44 अंक यानी 0.93 प्रतिशत की छलांग लगा कर 74,987.40 अंक तक पहुंच गया। हालांकि शाम तीन बजे के थोड़ी देर पहले बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स ने दिन के ऊपरी स्तर से 128.41 अंक लुढ़क कर 564.03 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,858.99 अंक के स्तर पर आज के कारोबार का अंत किया।
सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 16.20 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,330.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक कुछ ही देर में रिकवर कर हरे निशान में 23,410.75 अंक के स्तर तक पहुंच गया। पहले आधे घंटे के कारोबार के बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक सारी बढ़त गंवा कर 31.60 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,314.80 अंक के स्तर तक गिर गया।
इसके बाद सुबह 10:30 के थोड़ी देर पहले खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर दो बजे के करीब निफ्टी दिन के निचले स्तर से 152 अंक उछल कर 120.40 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,466.80 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में एक बार फिर मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसके कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 52.50 अंक फिसल कर 67.90 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,414.30 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों की लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह एफएमसीजी, फार्मास्यूटिकल, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों पर आज दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.29 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.07 प्रतिशत टूट कर आज के कारोबार का अंत किया।
आज मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में आई गिरावट के कारण बाजार की मजबूती के बावजूद स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में तुलनात्मक रूप से कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 481.55 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 481.61 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब छह हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,706 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,213 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,243 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 250 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,283 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,564 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,719 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 24 शेयर बढ़त के साथ और 6 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 30 शेयर हरे निशान में और 20 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एटरनल 2.77 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 2.54 प्रतिशत, आईटीसी 1.79 प्रतिशत, सन फार्मास्युटिकल्स 1.72 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.71 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, भारती एयरटेल 3.33 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 2.02 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.83 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन 1.55 प्रतिशत और अडानी इंटरप्राइजेज 1.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।