22 Sep 2026
नई दिल्ली, 22 सितंबर (एजेंसी)। पत्रकार सुधीर चौधरी ने कहा है कि उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता विजय शेरावत के सम्बन्ध में किए गए सभी पोस्ट सोशल मीडिया समेत सभी प्लेटफॉर्म्स से हटा दिए हैं। सुधीर चौधरी ने अपने खिलाफ दायर दीवानी मानहानि मामले की सुनवाई के दौरान मंगलवार को दिल्ली उच्च न्यायालय को यह जानकारी दी। जस्टिस तुषार राव गडेला की बेंच ने मामले की सुनवाई जनवरी 2027 में करने का आदेश दिया।
सुनवाई के दौरान सुधीर चौधरी की ओर से पेश वकील दायन कृष्णन ने कहा कि याचिकाकर्ता की छवि को नुकसान पहुंचाने का उनका कोई इरादा नहीं था। कोर्ट ने इस बात पर गौर किया कि याचिकाकर्ता ने इस याचिका को दायर करने के लिए जरूरी फीस अदा नहीं की है।
इससे पहले 7 सितंबर को सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने पत्रकार सुधीर चौधरी और डीडी न्यूज को नोटिस जारी किया था। याचिकाकर्ता विजय शेरावत 20 साल के हैं और यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। याचिका में कहा गया है कि डीडी न्यूज पर 27 जुलाई को सुधीर चौधरी के डेली प्राइम टाइम शो डिकोड में दिखाया गया कि याचिकाकर्ता ने संसद को नष्ट करने और भारत को नेपाल में बदलने की धमकी देने जैसी बातें की थी। शेरावत के मुताबिक उन्होंने कभी ऐसी बातें नहीं कही और डीडी न्यूज और सुधीर चौधरी ने सही तथ्यों की पड़ताल किए बिना ही उसका प्रसारण किया। कार्यक्रम के प्रसारण के पहले शेरावत को अपना पक्ष रखने का कोई मौका भी नहीं दिया गया। शेरावत ने कहा है कि ये बयान किसी दूसरे व्यक्ति ने किसी दूसरे कार्यक्रम में दिया था और दोनों व्यक्ति साफ तौर पर अलग-अलग दिखते हैं।
याचिका में कहा गया है कि प्रसारण के कुछ ही घंटों के भीतर, क्लिप को एक्स और इंस्टाग्राम पर दोबारा पोस्ट किया गया और शिकायतकर्ता को जान से मारने की खुली धमकियां मिलीं।