25 Sep 2026
जबलपुर, 25 सितम्बर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में मेडिकल कॉलेज के पास शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे बने होटल में जा घुसी। हादसे में कार सवार अधिवक्ता शिवम शर्मा की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है। घटना में होटल में सो रहे तीन लोग भी घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक अधिवक्ता शिवम शर्मा कार क्रमांक एमपी 20 सीके 0199 से जसूजा सिटी में अपने दोस्त शरद कुमार दुबे से मिलने जा रहे थे। उनके साथ कार में शरद भी मौजूद थे। मेडिकल कॉलेज के मॉर्च्यूरी गेट के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे स्थित होटल में जा घुसी। टक्कर के बाद होटल में सो रहे तीन लोग कार की चपेट में आ गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शी लकी कुशवाहा ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ सुबह करीब 4 बजे होटल खोलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार होटल में घुस आई। उन्होंने बताया कि कार में शरद कुमार दुबे और शिवम शर्मा मौजूद थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर धनवंतरी नगर पुलिस चौकी का स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया।
पुलिस ने घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हादसे में घायलों के सिर, हाथ-पैर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। कुछ लोगों के सिर में गहरी चोटें आयी है। कार की टक्कर से होटल में सो रहे तीन लोगों के अलावा कार में सवार लोग भी घायल हुए। डॉक्टरों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं अधिवक्ता शिवम शर्मा की हादसे में मौत हो गई।
हादसे के बाद कार की जांच के दौरान उसके अंदर शराब की एक बोतल मिली। प्रत्यक्षदर्शी लकी कुशवाहा ने भी कार में शराब की बोतल मिलने की जानकारी दी है। हालांकि यह पुष्टि नहीं होती कि कार में सवार लोगों ने शराब पी थी या नहीं। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसे के वक्त चालक की स्थिति क्या थी और कार किस रफ्तार से चल रही थी।
धनवंतरी नगर पुलिस चौकी के स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर कार को जब्त कर लिया है। अधिवक्ता शिवम शर्मा के शव का पुलिस ने पंचनामा कराया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद हादसे से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट होंगे।